प्रेस दिवस मनाया 17 11 2026

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर जी.बी. पंत महाविद्यालय रामपुर में व्याख्यान एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित

डॉ. महेंद्र सिंह बदरेल ने विद्यार्थियों को बताई 21वीं सदी में मीडिया की भूमिका और जिम्मेदारियां

रामपुर बुशहर, 16 नवंबर। जी.बी. पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, रामपुर बुशहर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर विशेष व्याख्यान एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पत्रकारिता के मूलभूत सिद्धांतों, प्रेस की स्वतंत्रता, मीडिया के नैतिक मूल्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की भूमिका एवं जिम्मेदारियों से परिचित करवाना था।

कार्यक्रम में हिमाचल दस्तक के ब्यूरो चीफ डॉ. महेंद्र सिंह बदरेल ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने ’21वीं सदी में मीडिया की भूमिका एवं जिम्मेदारियां’ विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि वर्तमान समय में मीडिया केवल समाचारों के प्रसारण का माध्यम नहीं, बल्कि जनमत निर्माण, सामाजिक जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का एक महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के विस्तार ने सूचना के प्रसार को तीव्र एवं व्यापक बनाया है, लेकिन इसके साथ ही पत्रकारिता के समक्ष अनेक नई चुनौतियां भी उत्पन्न हुई हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष पत्रकारिता, समाचारों की सत्यता की पुष्टि, विश्वसनीय स्रोतों के चयन तथा पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने फेक न्यूज, भ्रामक सूचनाओं और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट खबरों के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार पत्रकार का दायित्व केवल समाचार पहुंचाना नहीं, बल्कि समाज के प्रति जवाबदेह रहते हुए सत्यता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना भी है।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ उनके पेशेवर दृष्टिकोण को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मीडिया को लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए विद्यार्थियों से पत्रकारिता के सामाजिक दायित्वों और बदलती संचार तकनीकों को समझने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पत्रकारिता, जनसंचार, भारतीय प्रेस का इतिहास, प्रेस की स्वतंत्रता, मीडिया के विभिन्न स्वरूपों तथा समसामयिक मीडिया परिदृश्य से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में टीम ए ने 60 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। टीम की कप्तान ऋषिका थीं, जबकि तन्वी और मधु ने टीम के सदस्य के रूप में भाग लिया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन सहायक आचार्य संगीता नेगी एवं सहायक आचार्य तुक्थन फुंचोक ने निर्णायक के रूप में किया। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा एवं विषय संबंधी ज्ञान का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यार्थियों रवि एवं मेहक ने किया, जबकि कार्यक्रम के लिए पावरपॉइंट प्रस्तुति (PPT) तैयार करने का दायित्व आशीष ने निभाया।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस प्रतिवर्ष 16 नवंबर को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1966 में भारतीय प्रेस परिषद (Press Council of India) ने औपचारिक रूप से कार्य करना प्रारंभ किया था। यह दिवस प्रेस की स्वतंत्रता, निष्पक्ष पत्रकारिता तथा मीडिया की जवाबदेही एवं नैतिक मानकों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

कार्यक्रम के संयोजक एवं पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष, सहायक आचार्य सुधीर कमटेस नेगी ने मुख्य वक्ता, मुख्य अतिथि, निर्णायकों, महाविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि विभाग का निरंतर प्रयास है कि विद्यार्थियों को कक्षा शिक्षण के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव और मीडिया जगत के विशेषज्ञों से संवाद के अवसर भी उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि वे पत्रकारिता के पेशेवर मूल्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझ सकें। Part 1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *