उपमंडलीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक आयोजित, जन समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश


उपमंडलीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक आयोजित, जन समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश
रामपुर बुशहर, 27 फरवरी 2026
उपमंडलीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक आज मिनी सचिवालय रामपुर के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने की। बैठक में क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विभागों के जनहित एवं विकास कार्यों से जुड़े एजेंडा बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में दत्तनगर क्षेत्र की पेयजल योजना के पुनर्निर्माण, सराहन को सीवरेज प्रणाली से जोड़ने, राजकीय महाविद्यालय रामपुर की लाइब्रेरी में पुस्तकों की क्षमता बढ़ाने, दोहरी–सराहन सड़क की मरम्मत, नगर परिषद रामपुर के वार्ड नम्बर-06 में मार्ग सुधार एवं स्ट्रीट लाइट स्थापना, एनएच-05 पर स्कूलों के समीप ओवरहेड ब्रिज निर्माण, नोगली क्षेत्र में वर्षाशालिका एवं शौचालय निर्माण, नालियों के निर्माण तथा महात्मा गांधी चिकित्सालय खनेरी में ऑक्सीजन प्लांट के सुचारु संचालन, ट्रॉमा सेंटर में ओटी सुविधा आरम्भ करने एवं ईएनटी विशेषज्ञ की नियुक्ति से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत लेलन में उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने, ग्रामीण सड़कों के रखरखाव, बस स्टैंड एवं यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, बस रूट संचालन में सुधार, टैक्सी स्टैंड को पुराने बस स्टैंड में स्थानांतरित कर यात्रियों हेतु रेन शेल्टर निर्माण तथा खेल मैदान को बच्चों के उपयोग के लिए विकसित करने के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में कुगल घाटी क्षेत्र में सड़क किनारे खतरनाक पेड़ों को हटाने, बरसात के दौरान जल निकासी हेतु डंगे लगाने, स्कूल मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, प्राकृतिक आपदा प्रभावित परिवारों को मुआवजा वितरण में तेजी लाने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, गो-सदनों की व्यवस्था, बेसहारा पशुओं के संरक्षण, स्थानीय युवाओं को रोजगार अवसर उपलब्ध कराने, एलएडीएफ निधि के पारदर्शी उपयोग तथा संवेदनशील सड़कों पर क्रैश बैरियर लगाने जैसे विषय भी शामिल रहे। साथ ही लगभग 15 वर्षों से लंबित सड़कों को शीघ्र पक्का करने एवं सड़क मोड़ों के समीप नालियां लगाने पर भी चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमंडलाधिकारी (नागरिक) हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जन शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए तथा विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता को राहत प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और विभागों के समन्वित प्रयासों से ही समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग एक माह के भीतर संबंधित मुद्दों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा अगली बैठक में सभी लाइन विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
बैठक में उपमंडल पुलिस अधिकारी नरेश शर्मा, तहसीलदार ननखरी अनिल शर्मा, नायब तहसीलदार रामपुर सुरेश नेगी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा समिति के गैर-सरकारी सदस्य राजेश लार्जु, मोहन लाल, कृष्ण चन्द एवं राजेन्द्र कुमार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *