लंदन में सम्मानित होने के उपलक्ष्य में लोक निर्माण व शहरी विकास मंत्री का रामपुर में ऐतिहासिक स्वागत

3 मार्च 2026 द लंदन में सम्मानित होने के उपलक्ष्य में लोक निर्माण व शहरी विकास मंत्री का रामपुर में ऐतिहासिक स्वागत

रामपुर बुशहर
लंदन में सम्मानित होने के उपलक्ष्य में लोक निर्माण व शहरी विकास मंत्री का रामपुर में ऐतिहासिक स्वागत
रामपुर विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा 440 करोड़ रुपये के विकास कार्य : विक्रमादित्य सिंह
रामपुर बुशहर, 03 मार्च —
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण व शहरी विकास मंत्री को लंदन स्थित ब्रिटिश संसद (हाउस ऑफ लॉर्ड्स) में “यूथ एंड आइकन अवार्ड” से सम्मानित किए जाने के उपलक्ष्य में आज रामपुर बुशहर पहुंचने पर उनका ऐतिहासिक एवं भव्य स्वागत किया गया। यह सम्मान युवा नेतृत्व, बौद्धिक क्षमता, राजनीतिक दक्षता तथा राज्य में उनके सराहनीय कार्यों के लिए प्रदान किया जाता है।
रामपुर के भैरा खड़ के समीप सैकड़ों स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ मंत्री का अभिनंदन किया। दत्तनगर, भद्रास, नोगली, निरथ तथा जीरो पॉइंट डाकोलर सहित विभिन्न स्थानों पर भी स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां स्थानीय लोगों ने पुष्पगुच्छ एवं मालाएं भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
इसके उपरांत राजदरबार रामपुर में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लेकर मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान सरकार द्वारा पिछले साढ़े तीन वर्षों में केवल लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 440 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि टिक्कर-खमाड़ी सड़क पर लगभग 55 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं तथा ज्यूरी-सराहन सड़क के उन्नयन पर 25 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त मशनू- घराट-ज्यूरी सड़क को पक्का करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मेरे से संबंधित विभागो के लिए विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं हेतु केंद्र सरकार से लगभग 8 हजार करोड़ रुपये का बजट लाने में सफलता प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत प्रदेश के उन गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा, जो अभी तक सड़क मार्ग से वंचित हैं। राष्ट्रीय उच्च मार्ग, जो रामपुर से किन्नौर की ओर जाता है, उस पर 170 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्य प्रगति पर हैं तथा बरौनी खड़ में पुल निर्माण की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।
इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी अमरीन कौर भी उपस्थित रहीं।
समारोह के उपरांत मंत्री ने लगभग 70 महिला मंडलों सहित आमजन से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूर्णतः संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने श्री भीमा काली मंदिर न्यास समूह की सौजन्य से प्रदान की गई तीन एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिनमें दो एंबुलेंस रामपुर तथा एक सराहन के लिए है।
इस अवसर पर डायरेक्टर टूरिज्म यशपाल सोनी, निदेशक एचपीएमसी भूपेश धीमान, पार्टी पदाधिकारी अतुल, सतीश वर्मा, राजकांता, त्रिलोक भूलनी, विमला शर्मा, डी.डी. कश्यप, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रामपुर राहुल सोनी, स्थानीय प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *