हिमालयी पर्यावरण, जैव विविधता और सतत विकास पर जी.बी. पंत महाविद्यालय रामपुर में राष्ट्रीय सम्मेलन का आगाज

हिमालयी पर्यावरण, जैव विविधता और सतत विकास पर जी.बी. पंत महाविद्यालय रामपुर में राष्ट्रीय सम्मेलन का आगाज 17 11 2026

WILDE Student Conference 2026 में देशभर के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ साझा किए शोध एवं अनुभव; AI, बायोअकॉस्टिक्स, कचरा प्रबंधन और पारंपरिक ज्ञान पर केंद्रित रहे विभिन्न सत्र

रामपुर बुशहर, 17 नवंबर। हिमालयी क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा, पारिस्थितिकी, जैव विविधता और स्थानीय समुदायों से जुड़े विषयों पर शोध एवं संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जी.बी. पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, रामपुर बुशहर में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन WILDE Student Conference 2026 का शुभारंभ हुआ। 17 एवं 18 नवंबर को आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य विषय ‘Interdisciplinary Research for Himalayan Landscapes, Ecologies and Communities’ है। WILDE (Western Himalayan Initiative for Landscapes, Diversity & Ecologies) के अंतर्गत आयोजित इस सम्मेलन का आयोजन जी.बी. पंत महाविद्यालय, रामपुर तथा सरयान विज्ञान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। यह सम्मेलन महाविद्यालय की PTA एवं Nature Conservation Foundation द्वारा प्रायोजित है।
कार्यक्रम के आरंभ में डॉ. गोपी चंद ने अतिथियों, विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। इसके पश्चात सम्मेलन संयोजक डॉ. अनुराधा नेगी कनेन ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन की रूपरेखा एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

सारयान विज्ञान फाउंडेशन की डॉ. प्रीति सारयान ने अपने संबोधन में हिमालय की पारिस्थितिकी, प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शोध एवं अनुसंधान से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित यह स्टूडेंट कॉन्फ्रेंस एक महत्वपूर्ण पहल है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महाविद्यालयों में इस प्रकार की शैक्षणिक एवं शोधपरक गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक चिंतन, विश्लेषणात्मक क्षमता और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करना समय की आवश्यकता है। शिक्षा केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव एवं नए विचारों से जोड़ने का माध्यम बननी चाहिए।

प्राचार्य ने अपने विचारोत्तेजक संबोधन में विश्लेषण (Analysis) और संश्लेषण (Synthesis) को ज्ञान अर्जन एवं अनुसंधान की महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं बताया। उन्होंने एक प्रेरणादायक संस्कृत श्लोक के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यापक चिंतन और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया।
सम्मेलन के प्रथम दिन विशेषज्ञों ने बायोअकॉस्टिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के पर्यावरणीय प्रभाव, पश्चिमी हिमालय में कचरा प्रबंधन, देशी मधुमक्खियों के पारिस्थितिक महत्व, GIS, 3D प्रिंटिंग एवं वन्यजीव फोटोग्राफी जैसे विषयों पर व्याख्यान एवं कार्यशालाएं आयोजित कीं। प्रमुख वक्ताओं में बायोअकॉस्टिक्स शोधकर्ता विरल जोशी, पोरुरी साई राहुल, सुमन सिंह नेगी एवं अमल के. व्यास शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक कार्यशालाएं, पोस्टर प्रस्तुतियां, विज्ञान संचार गतिविधियां तथा शोध संवाद आयोजित किए गए। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों एवं शोधकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सम्मेलन का उद्देश्य हिमालयी पर्यावरण, जैव विविधता एवं स्थानीय समुदायों से जुड़े मुद्दों पर अंतर्विषयक शोध को प्रोत्साहित करना तथा विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं वैज्ञानिक सोच विकसित करना है। सम्मेलन का दूसरा दिन 18 नवंबर को विभिन्न अकादमिक एवं शोधपरक गतिविधियों के साथ आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *