रामपुर में चार दिवसीय फाग मेले में कवि सम्मेलन की धूम
रामपुर बुशहर, 7 मार्च
जिला स्तरीय चार दिवसीय फाग मेले के तीसरे दिन शनिवार को मिनी सचिवालय रामपुर में प्रशासन के सहयोग से एक भव्य कवि सम्मेलन आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय रामपुर के प्राचार्य पंकज बसोतिया ने शिरकत की। नगर परिषद रामपुर, जी.आर.पी. प्रोडक्शन और हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स जिला शिमला इकाई ने इसमें भरपूर योगदान दिया। लगभग 50 कवियों ने भाग लिया, जिन्होंने हिंदी व पहाड़ी कविताओं के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम में गायन, बांसुरी, माउथ ऑर्गन वादन और होली के लोकगीतों ने रंग भर दिया। कवियों की सुंदर रचनाओं ने फागोत्सव के उमंग को और बढ़ा दिया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के जर्नलिस्ट प्रभारी जगमोहन शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्याम लाल, उप प्रधान वीरेंद्र कुमार, महासचिव निशांत शर्मा, प्रेस सचिव संतोष शर्मा, सदस्य तिलक राज के अलावा सीमा शर्मा समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

