विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस द्वारा 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर 2026 तक स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान–2026 का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में दिनांक 24.09.2026 को ई. विकास मारवाह, परियोजना प्रमुख, रामपुर एचपीएस के मार्गदर्शन तथा विभागाध्यक्ष प्रापण एवं संविदा, रामपुर एचपीएस, बायल, ई. बिरेन्द्र प्रताप सिंह की उपस्थिति में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कशोली में “स्वच्छ भारत मिशन” विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा ग्यारहवीं एवं बारहवीं के कुल 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कक्षा बारहवीं की कुमारी रिधिमा ने प्रथम, कुमारी यमुना ने द्वितीय तथा कुमारी समीक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि मृदुल एवं राधिका को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि इस प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी एवं जनभागीदारी की भावना विकसित करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से स्वच्छता के महत्व, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के उचित पृथक्करण, पर्यावरण संरक्षण तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। साथ ही, विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच एवं लेखन क्षमता को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि यह पहल “स्वच्छता ही सेवा” की भावना को सुदृढ़ करते हुए स्वच्छता के संदेश को परिवार एवं समुदाय तक पहुँचाने तथा सामूहिक जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

