रामपुर में आधुनिक थिएटर व पार्किंग की मांग: एस.डी.एम. को सौंपा ज्ञापन।
कला को मिलेगा नया मंच, पार्किंग समस्या होगी दूर
रामपुर बुशहर, 12 मार्च
रामपुर उपमंडल में कला व संस्कृति को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से हिमाचल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स शिमला जिला इकाई ने बुधवार को उपमंडलाधिकारी हर्ष अमरेंन्द्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने रामपुर में आधुनिक थिएटर व पर्याप्त पार्किंग निर्माण की मांग उठाई, ताकि स्थानीय युवा कलाकारों को अभ्यास व प्रदर्शन का मंच मिले। यूनियन अध्यक्ष प्रेम राज कश्यप ने बताया कि रामपुर बुशहर लंबे समय से कला-संस्कृति का केंद्र रहा है। यहां से कई रंगकर्मी, संगीतकार व फिल्म कलाकार देश-विदेश में नाम कमा रहे हैं, लेकिन स्थायी थिएटर न होने से युवाओं को उचित अवसर नहीं मिल पाता। वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्याम लाल लिहांटु ने कहा कि रामपुर शिमला, किन्नौर व कुल्लू जिलों के बीच महत्वपूर्ण स्थान है, थिएटर से इन क्षेत्रों के कलाकार लाभान्वित होंगे व पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। ज्ञापन में शहर में वाहनों की बढ़ती संख्या व मेलों के दौरान पार्किंग संकट का भी उल्लेख किया गया है। संगठन ने मांग की कि थिएटर परिसर में आधुनिक पार्किंग विकसित की जाए, जिससे यातायात सुगम हो व पर्यटकों को राहत मिले। एस.डी.एम. हर्ष अमरेंन्द्र सिंह ने आश्वासन दिया कि शहरवासियों की मांग को उच्च स्तर पर रखेंगे व निर्माण की दिशा में प्रयास करेंगे। इस अवसर पर यूनियन महासचिव निशांत शर्मा, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार, जे.एम. शर्मा व संतोष शर्मा भी मौजूद रहे।

