रामपुर में कामकाजी महिलाओं के लिए शुलभ शौचालय पर मासिक 150 रूपये आई‑कार्ड योजना शुरू
रामपुर बुशहर, 30 जुलाई
नगर परिषद रामपुर ने कामकाजी महिलाओं की सुविधा और आर्थिक राहत को ध्यान में रखते हुए एक नई मासिक आई‑कार्ड योजना की घोषणा की है। परिषद के अध्यक्ष करण शर्मा और शुलभ शौचालय व्यवस्था प्रभारी अजय सिंह के साथ हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि विक्रेताओं, कार्यालयों और अन्य संस्थानों में कार्यरत वे महिलाएँ जो दिन में कई बार शुलभ शौचालय की लघुशंका सेवा का उपयोग करती हैं, उन्हें सिर्फ 150 रुपए प्रतिमाह पर मासिक आई‑कार्ड जारी किए जाएंगे। नए नियम के मुताबिक कार्डधारक महिलाएं पूरे महीने आवश्यकता अनुसार शौचालय की लघुशंका सुविधा का उपयोग कर सकेंगी और हर बार अलग‑अलग भुगतान नहीं करना होगा। नगर परिषद ने बताया कि पहले प्रत्येक उपयोग पर 5 से 10 रुपए तक का भुगतान होता था, जिससे कम आय वाली कामकाजी महिलाओं पर मासिक आधार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बनता था। इस योजना का मुख्य उद्देश्य इसी आर्थिक बोझ को कम करना, महिलाओं के लिए सम्मानजनक और किफायती सुविधा मुहैया कराना और सार्वजनिक स्वच्छता मानकों में सुधार लाना है। अध्यक्ष करण शर्मा ने बताया कि नगर परिषद ऐसे जनहित के निर्णय प्राथमिकता के आधार पर लेती रहेगी और जरूरत के अनुसार योजना में सुधार किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि योजना के लागू होने की तिथि और आई‑कार्ड वितरण की विस्तृत प्रक्रिया जल्द ही नगर परिषद कार्यालय से जारी की जाएगी। शहरवासियों और स्थानीय व्यापारियों ने इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि कार्ड वितरण व शुलभ शौचालयों की नियमित साफ‑सफाई तथा निगरानी की स्पष्ट रूपरेखा भी आवश्यक है ताकि सेवाएं सुचारु और सुरक्षित बनी रहें।

