जी.बी.पी.एम. सरकारी महाविद्यालय, रामपुर के करियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा ‘एक्सीलेंस ग्लोबल स्किल्स’ के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय ऑनलाइन वेबिनार “मास्टरिंग फाइनेंशियल स्किल्स फॉर यूथ: अर्न नॉलेज, बिल्ड योर फ्यूचर” सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस वेबिनार में महाविद्यालय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर वर्ग के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
वेबिनार के सत्र 18 और 19 अगस्त, 2026 को आयोजित किए गए। 18 अगस्त को बीएससी, बीसीए,बीवॉक,बीकॉम और स्नातोक्तर संकायों के छात्रों के लिए सत्र हुए, जबकि 19 अगस्त को सभी बी॰ए स्नातक और स्नातोक्तर संकायों के छात्रों ने भाग लिया। वेबिनार का उद्देश्य युवाओं को वित्तीय साक्षरता, निवेश, बचत, डिजिटल भुगतान और व्यक्तिगत वित्त प्रबंधन के क्षेत्र में जागरूक करना था।
वेबिनार में वित्तीय विशेषज्ञों ने छात्रों को व्यक्तिगत बजट बनाने, म्यूचुअल फंड, स्टॉक मार्केट, डिजिटल वॉलेट और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव जैसे विषयों पर व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। विशेषज्ञों ने कहा कि आज के युग में वित्तीय साक्षरता केवल पैसे कमाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सही वित्तीय निर्णय लेना और भविष्य के लिए सुरक्षित निवेश करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्रों ने वेबिनार को अत्यंत लाभदायक बताया। दोनों दिनों में छात्रों की भागीदारी उत्साहजनक रही और प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों ने विशेषज्ञों से अपने संदेहों का समाधान प्राप्त किया।
महाविद्यालय के उपप्राचार्य डॉ. विधा बंधु नेगी ने वेबिनार की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “आज के डिजिटल युग में वित्तीय साक्षरता युवाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों को न केवल शैक्षिक रूप से, बल्कि जीवन-कौशल के क्षेत्र में भी सशक्त बनाते हैं।”
डॉ. बंधु ने कहा, “हमारा संस्थान छात्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। करियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित ऐसे वेबिनार छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।” उन्होंने आयोजन टीम और प्रतिभागियों को बधाई दी तथा भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया।
करियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट सेल की संयोजक डॉ॰ शिवाली ठाकुर ने बताया कि इस वेबिनार का उद्देश्य छात्रों को आत्मनिर्भर और वित्तीय रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक छात्र न केवल शैक्षिक रूप से सफल हो, बल्कि जीवन में वित्तीय रूप से भी सुरक्षित और जागरूक रहे। ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।”
वेबिनार के सफल आयोजन में डॉ. ईश्वर नेगी, डॉ. अजिंदर नेगी, सहायक आचार्य जय सिंह, सहायक आचार्य तरुण शर्मा, सहायक आचार्य ललित शर्मा, सहायक आचार्य प्रदीप गोस्वामी, श्री विकास शेखरी, सुश्री संदीपा और श्री संदीप ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी सदस्यों के योगदान की सराहना की।

