सर्वपल्ली राधाकृष्णन संस्थान में NDRF ने विद्यार्थियों को सिखाए आपदा से बचाव के गुण19 08 2026

सर्वपल्ली राधाकृष्णन संस्थान में NDRF ने विद्यार्थियों को सिखाए आपदा से बचाव के गुण
सर्वपल्ली राधाकृष्णन इंस्टीट्यूट फॉर टीचर एजुकेशन एंड डिग्री कॉलेज, नोगली, बालना, रामपुर बुशहर में बुधवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की ओर से विद्यार्थियों के लिए आपदा जागरूकता एवं बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आपदा की स्थिति में सजग रहने, स्वयं की सुरक्षा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर दूसरों की सहायता करने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में NDRF के निरीक्षक प्रवीण भाटिया के नेतृत्व में 14 सदस्यीय दल ने विद्यार्थियों को विभिन्न आपदाओं से निपटने के प्राथमिक उपायों एवं बचाव तकनीकों की जानकारी दी। NDRF टीम ने विद्यार्थियों को समझाया कि आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य, सावधानी और सूझबूझ के साथ कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में विद्यार्थियों को विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही किसी व्यक्ति को अत्यधिक रक्तस्राव होने की स्थिति में प्राथमिक उपचार के माध्यम से रक्तस्राव को नियंत्रित करने, तथा हृदयाघात की स्थिति में तत्काल किए जाने वाले आवश्यक उपायों की जानकारी भी दी गई। NDRF दल ने विद्यार्थियों को यह भी व्यावहारिक रूप से समझाया कि आपातकालीन स्थिति में आसपास उपलब्ध वस्तुओं का उपयोग करके अस्थायी स्ट्रेचर तैयार कर घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक कैसे पहुंचाया जा सकता है। इसके अलावा बाढ़ की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित स्थान पर जाने तथा संकट के समय उचित निर्णय लेने के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम को प्रभावी एवं रोचक बनाने के लिए NDRF दल द्वारा विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियां और मॉक ड्रिल करवाई गईं। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बचाव कार्यों से संबंधित तकनीकों का स्वयं अभ्यास किया। इससे विद्यार्थियों को आपदा की वास्तविक परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने और जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार शर्मा तथा प्राचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने NDRF के निरीक्षक प्रवीण भाटिया सहित 14 सदस्यीय दल का संस्थान की ओर से हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया। संस्थान प्रबंधन ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण आपदा प्रबंधन एवं बचाव संबंधी जानकारी प्रदान करने के लिए NDRF टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सेवा भारती की समस्त टीम की भी सहभागिता रही। सेवा भारती के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया और विद्यार्थियों को आपदा के समय सेवा एवं सहयोग की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने कहा कि आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक बचाव का ज्ञान प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार करते हैं, बल्कि उनमें सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा की भावना भी विकसित करते हैं। प्राचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने NDRF टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ जीवनोपयोगी व्यावहारिक प्रशिक्षण देना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि NDRF द्वारा दिया गया यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक रहा। कार्यक्रम के अंत में संस्थान की ओर से NDRF के निरीक्षक प्रवीण भाटिया, उनकी 14 सदस्यीय टीम का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को आपदा के समय सतर्कता, प्राथमिक सहायता, बचाव एवं मानवीय सहयोग के महत्व का महत्वपूर्ण संदेश दिया। इस प्रशिक्षण में सर्वपल्ली परिवार संस्थान के सभी अध्यापक वर्ग, गैर शिक्षक वर्ग तथा प्रशिक्षु छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहें सभी प्रशिक्षु ने इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया ताकि हम व्यावहारिक जीवन में एक जागरूक इन्सान बन सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *