एसडीएम कार्यालय के समीप प्रस्तावित पार्किंग को लेकर किया गया स्थल निरीक्षण


एसडीएम कार्यालय के समीप प्रस्तावित पार्किंग को लेकर किया गया स्थल निरीक्षण
रामपुर बुशहर, 17 अप्रैल — उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने आज एसडीएम कार्यालय रामपुर के समीप प्रस्तावित पार्किंग को लेकर स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थल की भौतिक स्थिति, उपलब्ध भूमि, यातायात दबाव तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पार्किंग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (एनएच) एवं (बी एंड आर) तथा राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा स्थल के तकनीकी पहलुओं जैसे पहुंच मार्ग, भूमि की उपयुक्तता, जल निकासी व्यवस्था, पार्किंग क्षमता तथा सुरक्षा मानकों का निरीक्षण करते हुए विभिन्न विकल्पों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए गए। साथ ही, एसडीएम कार्यालय के आसपास वर्तमान में उत्पन्न पार्किंग समस्या और यातायात अव्यवस्था पर भी विचार-विमर्श किया गया।
उपमंडलाधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ते यातायात और लोगों की आवाजाही को देखते हुए पार्किंग की समुचित व्यवस्था अत्यंत आवश्यक हो गई है। प्रस्तावित पार्किंग से आम जनता को सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि इस संबंध में आवश्यक सभी औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए।
उपमंडलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *